लोहारू:(Indian Navy) उपमंडल के गांव झांझड़ा बास का नेवी में तैनात कुलदीप 29 साल की उम्र में शहीद हो गया है। कुलदीप मुंबई में नेवी नगर में तैनात थे तथा कुछ समय से बीमार थे। उन्हें उपचार के लिए दिल्ली ले जाया गया था वहां पर उनका निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लाया गया तथा नेवल अधिकारियों व कर्मचारियों ने सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी। उनकी पांच साल की एक बेटी है।
कुलदीप बेहद होनहार था तथा अपनी तीव्र बुद्धि की बदौलत उसने 29 साल की उम्र जेसीओ रेंक प्राप्त कर लिया था। कुछ समय से अस्वस्थ होने के कारण उन्हें उपचार के लिए मुंबई अस्पताल ले जाया गया तथा गत सप्ताह ही उन्हें उपचार के लिए दिल्ली की सेना अस्पताल में ले जाया गया था। जहां पर गुरुवार देर रात उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उल्लेखनीय है कि जवान कुलदीप के पिता भारतीय सेना में रहते हुए सिलीगुढ़ी में ड्यूटी के दौरान वर्ष 2003 में शहीद हुए थे। कुलदीप के छोटे भाई कपिल भी भारतीय सेना में तैनात हैं।
सैन्य सम्मान के साथ नेवल अधिकारियों ने उनका अंतिम संस्कार किया तथा प्रशासन की ओर से एसएचओ रमेश चन्द्र, बीडीपीओ, कानूनगो, पटवारियों के अलावा पूर्व विधायक सोमवीर सिंह, पूर्व बीईओ कर्ण सिंह गोठड़ा, ओमप्रकाश झांझड़ा, धर्मचन्द श्योराण, मोहित पंघाल, पूर्व सरपंच रामनिवास डूडी सहित अनेक लोगों ने दी उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी है।