गाजियाबाद। Murder of young man वेव सिटी थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी बिहार के किशनगंज जिले के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी।
मृतक की पहचान 19 वर्षीय गुलाम असरफ के रूप में हुई है। उसके पिता असफाक आलम राय ने बिहार के टेढागाछ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बेटे की हत्या कर शव को कहीं छिपा दिया गया है। जांच के दौरान पता चला कि वारदात गाजियाबाद के वेव सिटी क्षेत्र में हुई थी, जिसके बाद मामला यहां दर्ज किया गया।
पुलिस ने जांच के लिए टीम गठित की और कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों रेहान राय और अकिल राय को किशनगंज, बिहार से गिरफ्तार कर लिया। ट्रांजिट रिमांड पर दोनों को गाजियाबाद लाया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे और मृतक एक ही गांव के निवासी थे तथा दीनानाथपुर पुठी गांव स्थित एक फैक्ट्री में साथ काम करते थे। कुछ दिन पहले शराब के नशे में गुलाम असरफ ने दोनों के साथ मारपीट की थी। इसी घटना के बाद दोनों उसके खिलाफ रंजिश रखने लगे थे।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 28 अप्रैल की रात तीनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इस दौरान उन्होंने गुलाम असरफ को अधिक शराब पिला दी। देर रात जब वह सो गया तो दोनों ने फैक्ट्री में पड़े फावड़े से उसके सिर और चेहरे पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को फैक्ट्री परिसर में गड्ढा खोदकर दबा दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Post Views: 1
Like this:
Like Loading...